कानपुर नगर निगम का होली मिलन समारोह, कवियों ने समां बांधा

होली मिलन समारोह पर कवि सम्मेलन का आयोजन, कविताओं ने बांधा समा
कानपुर। शनिवार शाम कानपुर नगर निगम की ओर से होली मिलन समारोह के शुभ अवसर पर टीएसएच स्वरूप नगर में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर प्रमिला पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कवि सम्मेलन में शहर के प्रतिष्ठित साहित्यकारों और कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कवि हेमंत पांडे, धीरज सिंह, कवित्री शशि श्रेया, नीरू श्रीवास्तव, सोमेंद्र त्रिपाठी, शैलेश गौतम और कवि अखिलेश द्विवेदी ने अपनी प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत कविताओं ने श्रोताओं को देर तक मंत्रमुग्ध किए रखा।
पूरा वातावरण होली के रंगों की तरह उल्लास, सौहार्द और साहित्यिक रस से सराबोर रहा। उद्घाटन अवसर पर महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और साहित्यिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित श्रोताओं का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर महापौर प्रमिला पांडे, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा, कल्याणपुर विधायिका नीलिमा कटियार, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, पार्षद पवन पांडे, सौरभ देव, अभिषेक गुप्ता, नीरज रक्सेल समेत दर्जनों पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Share this story