NH-34 पर यातायात पुलिस ने नुक्कड़ नाटक व संवाद के जरिए,लोगों को यातायात नियम के लिए जागरूक किया

NH-34 पर यातायात जागरूकता अभियान, हेलमेट–सीट बेल्ट के लिए किया प्रेरित
कानपुर। पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में नेशनल हाईवे 34 पर बिधनू थाना क्षेत्र के सम्भुआ, बिधनू नहरिया एवं माधव बाग क्षेत्र में व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस दौरान टीआई दक्षिण जोन प्रथम राजकुमार मिश्र एवं नुक्कड़ नाटक टीम ने नाट्य प्रस्तुति और संवाद के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय पूर्ण सतर्कता बरतने की अपील की गई।
कार्यक्रम में राहवीर योजना एवं गुड सेमेरिटन प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्तियों की मदद करने वालों को कानूनी संरक्षण प्रदान किया जाता है। साथ ही पम्पलेट वितरित कर लोगों से स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
पुलिस विभाग के अनुसार, इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Share this story