ऑपरेशन "मुस्कान"के तहत जीआरपी पुलिस ने दी एक मां को मुस्कान

ऑपरेशन ‘मुस्कान’ के तहत जीआरपी की सराहनीय पहल, गुमशुदा बालक को मां से मिलाया
कानपुर। थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘मुस्कान’ के तहत एक गुमशुदा बच्चे को सकुशल उसकी मां से मिलाकर सराहनीय कार्य किया गया।
जानकारी के अनुसार कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म पर लगभग छह वर्षीय बालक रोता हुआ मिला, जो अपना नाम और पता बताने में असमर्थ था। ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को तत्काल सुरक्षा में लिया और उससे जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन स्पष्ट विवरण न मिलने पर आसपास के स्टेशनों और संबंधित जनपदों में सूचना प्रसारित कराई गई।
सूचना के आधार पर परिजन चौकी जीआरपी पनकी धाम पहुंचे, जहां बच्चे की मां ने उसकी पहचान की। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जीआरपी कानपुर सेंट्रल टीम की सक्रियता और संवेदनशीलता के चलते मासूम सुरक्षित अपनी मां की गोद में लौट सका। बच्चे के मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और उनके कार्य की सराहना की।
Share this story