सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम व पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने सुनीं जन समस्याएँ
कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने शनिवार को तहसील नरवल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनपद कानपुर नगर के तहसील नरवल परिसर में आयोजित जन-सुनवाई के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने पुलिस से संबंधित प्रकरणों में देरी न करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता को उसके प्रकरण की प्रगति से अवगत कराया जाए।
अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि आगंतुकों एवं पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, उनके बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक शिकायत को धैर्यपूर्वक सुना जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान स्थानीय स्तर पर बार-बार आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता से चिन्हित कर उनके स्थायी समाधान की दिशा में कार्यवाही करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
