
बाराबंकी। एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर की ओर से 3 सितंबर 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक सोमैया नगर, बाराबंकी में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक शिल्पकारों एवं कारीगरों—बढ़ई, लोहार, सोनार, मोची, दर्जी, नाई, धोबी तथा गुड़िया-खिलौना निर्माताओं—ने भाग लिया।
सहायक निदेशक अविनाश कुमार अपूर्व ने स्वागत करते हुए योजना की उपयोगिता बताई। सहायक आयुक्त उद्योग रूबी जमशेद ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि शोएब अंसारी ने ऋण संबंधी प्रक्रिया और समस्याओं के समाधान बताए।
हृतिक राज श्रीवास्तव व उत्पल पांडे ने कारीगरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग की जानकारी दी। संजय भारती ने उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच बनाने के तरीके समझाए। मुकेश शर्मा ने 23 लाभार्थियों को ONDC पर ऑनलाइन ऑनबोर्ड कर ई-मार्केट से जोड़ा। अंकिता पांडे ने दूसरी ऋण किस्त की पात्रता संबंधी जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राखी सैनी ने लाभार्थियों से योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने और डिजिटल बाजार से जुड़ने का आह्वान किया।
10 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इसी क्रम में एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर के सहायक निदेशक अविनाश कुमार अपूर्व के नेतृत्व में राजकीय पॉलिटेक्निक सोमैया नगर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 10 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।

