कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को जोन-4 क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ग्राम समाज की भूमि पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
उपाध्यक्ष एवं सचिव के निर्देश पर जोनल प्रभारी अधिकारी भूमि बैंक (जोन-4) डॉ. अर्चना शर्मा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आराजी संख्या 150 एवं 768, रकबा करीब 580 वर्गमीटर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.74 करोड़ रुपये बताई गई है, को कब्जामुक्त कराया गया।
केडीए के अनुसार ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर एक कमरे का निर्माण किया गया था। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान भूमि बैंक के अभियंता, लेखपाल और थाना-हनुमंत विहार की पुलिस टीम मौजूद रही।
केडीए ने कब्जेदारों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर प्री-कार्ट बैरियर लगाकर उसे सुरक्षित किया जाएगा।
केडीए ने आमजन से अपील की है कि सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण या कब्जा न करें। भविष्य में भी अभियान जारी रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

