रिपोर्ट... अनुज तिवारी
कानपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर कानपुर का जेके मंदिर आज भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया। मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिसके बदलते रंगों ने रात के अंधेरे में मंदिर की भव्यता को और बढ़ा दिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कान्हा की एक झलक पाने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर और आसपास श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं। हजारों भक्त हाथों में मोबाइल लिए मंदिर की भव्य सजावट और श्रीकृष्ण के दर्शन के इन पलों को अपने कैमरे में कैद करते नजर आए।
चारों ओर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिला, पुरुष और युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी जन्माष्टमी के उत्सव में शामिल हुए।
जेके मंदिर की रंग-बिरंगी रोशनी और श्रद्धालुओं की अपार भीड़ ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो पूरा कानपुर ही कान्हा के स्वागत में उमड़ पड़ा हो। दर्शन को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।
