कानपुर बैराज में 113.800 मीटर पहुंचा जलस्तर, डिस्चार्ज 3.15 लाख क्यूसेक
कानपुर। गंगा-यमुना के जलस्तर में गिरावट से कानपुर और औरैया में बाढ़ की स्थिति लगातार सामान्य होती दिखाई दे रही है। बुधवार सुबह 8 बजे जारी बाढ़ नियंत्रण कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में गंगा का जलस्तर 113.800 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 113.550 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से इस समय 3,15,702 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
गंगा का चेतावनी स्तर 114 मीटर और खतरे का स्तर 115 मीटर है। यानी कानपुर बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर चेतावनी स्तर से 20 सेंटीमीटर नीचे है।
शुक्लागंज में भी राहत: यहां गंगा का जलस्तर 112.400 मीटर दर्ज हुआ है, जो चेतावनी स्तर 113 मीटर से 60 सेंटीमीटर नीचे है।
हरिद्वार बैराज से 1,10,750 क्यूसेक तथा नरौरा बैराज से 83,835 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना है।
औरैया में यमुना भी घटने के रुख पर
औरैया में यमुना नदी का जलस्तर 104.460 मीटर दर्ज किया गया। रिपोर्ट में नदी का ट्रेंड घटता हुआ बताया गया है। यहां चेतावनी स्तर 112 मीटर और खतरे का स्तर 113 मीटर है। बुधवार को बारिश भी शून्य दर्ज की गई।
फिलहाल दोनों प्रमुख नदियों का जलस्तर चेतावनी और खतरे के निशान से नीचे होने से प्रशासन और नदी किनारे रहने वाले लोगों को राहत मिली है।
