*पुलिस प्रहरी* कानपुर। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के बीच कानपुर बैराज पर शुक्रवार सुबह 8 बजे तक पानी का डिस्चार्ज 4,17,201 क्यूसेक पहुंच गया। फ्लड कंट्रोल ऑफिस, एलजीसी कानपुर के आंकड़ों के अनुसार बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.710 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 114.350 मीटर दर्ज किया गया।
कानपुर बैराज का चेतावनी स्तर 114 मीटर और खतरे का स्तर 115 मीटर निर्धारित है। इस समय अपस्ट्रीम जलस्तर चेतावनी स्तर से 0.710 मीटर ऊपर, जबकि खतरे के स्तर से करीब 0.290 मीटर नीचे है। खतरे के स्तर पर डिस्चार्ज 5,44,373 क्यूसेक माना गया है।
शुक्लागंज में भी चेतावनी स्तर पार
शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 113.060 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है। यानी जलस्तर चेतावनी सीमा से 0.060 मीटर ऊपर है और खतरे के निशान से अभी करीब 0.940 मीटर नीचे है।
हरिद्वार और नरौरा बैराज से भी भारी डिस्चार्ज
आंकड़ों के मुताबिक हरिद्वार बैराज से 62,127 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 86,985 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना है। ऐसे में निचले क्षेत्रों में प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की निगरानी महत्वपूर्ण बनी हुई है।
औरैया में यमुना का जलस्तर घट रहा
वहीं औरैया जिले में यमुना नदी का जलस्तर सुबह 8 बजे 106.530 मीटर दर्ज किया गया। यहां जलस्तर का ट्रेंड घटता हुआ (Decreasing) बताया गया है। यमुना का चेतावनी स्तर 112 मीटर और खतरे का स्तर 113 मीटर है। यानी औरैया में यमुना का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से 5.470 मीटर नीचे है।
औरैया में अब तक का हाई फ्लड लेवल (HFL) 118.51 मीटर, 6 अगस्त 2021 को दर्ज किया गया था। 11 सितंबर को बारिश शून्य दर्ज की गई।
फिलहाल सबसे ज्यादा चिंता कानपुर बैराज और शुक्लागंज क्षेत्र को लेकर है, जहां गंगा का जलस्तर चेतावनी सीमा पार कर चुका है और बैराज से पानी का डिस्चार्ज चार लाख क्यूसेक के पार बना हुआ है। *पुलिस प्रहरी*