कानपुर नगर। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त पदों पर रिकॉर्ड 256 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की पारदर्शी चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक नीलिमा कटियार की गरिमामयी उपस्थिति रही। नव नियुक्त कार्यकत्रियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से चयनित कार्यकत्रियों को भी मंच पर नियुक्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गई
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए चार बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में की गई चार महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी दी गई। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में ₹4,000 प्रतिमाह की वृद्धि, जिससे कुल मानदेय ₹12,000 प्रतिमाह, तथा सहायिकाओं के मानदेय में ₹2,000 प्रतिमाह की वृद्धि, जिससे कुल मानदेय ₹6,000 प्रतिमाह किया जाना शामिल है।
इसके अलावा फ्रंटलाइन कर्मियों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू की गई है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डिजिटल कार्यप्रणाली से जोड़ने के लिए स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं वर्ष में मिलने वाली दो साड़ियों के स्थान पर अब तीन साड़ियों के लिए ₹1,500 की धनराशि सीधे बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाएगी।
‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर पोषण माह का आगाज
कार्यक्रम के दौरान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। विकास भवन से विशाल पोषण रैली निकालकर अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस वर्ष पोषण माह की थीम “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। अभियान के दौरान पोषण एवं बाल विकास कार्यक्रमों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के साथ बच्चों में कुपोषण की पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, ईसीसीई गतिविधियों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्म एवं ताजा पका भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों की विभिन्न गतिविधियों—जैसे SAM बच्चों की स्क्रीनिंग, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, ईसीसीई गतिविधियों का संचालन तथा केंद्रों को नियमानुसार चलाने में सराहनीय योगदान देने वाली कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक नीलिमा कटियार ने नव नियुक्त कार्यकत्रियों से पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्रीय पोषण अभियान से जुड़ने और जिले को कुपोषण मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
— पुलिस प्रहरी .com