अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बड़ी सौगात देते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। साथ ही उन्हें साड़ी वितरित की गई और नव नियुक्त कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए उन्हें सरकार की ओर से बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ी वितरित की। वहीं नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में पहुंचे नन्हे-मुन्ने बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
योगी आदित्यनाथ ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पर्यवेक्षिकाओं को सम्मानित करने के साथ ही मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दिए जाने की जानकारी भी दी गई। मानदेय बढ़ाए जाने से प्रदेश की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री का संबोधन समाप्त होने के बाद वह GIC से अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे, जहां वह हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे।
