कानपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर जे.के. मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने जे.के. मंदिर एवं मंदिर परिसर में लगने वाले मेले की तैयारियों का मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
डीसीपी ने मंदिर के प्रवेश और निकास मार्गों के साथ श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था देखी। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और जरूरी स्थानों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा।
मंदिर परिसर के आसपास पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए, ताकि जन्माष्टमी पर आने वाले श्रद्धालुओं को जाम या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता भी परखी गई। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे आयोजन के दौरान सीसीटीवी से लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं सुरक्षा तंत्र पूरी तरह मुस्तैद रहे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ पर प्रभावी नियंत्रण के साथ लोगों को दर्शन और मेले में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूपनगर, प्रभारी निरीक्षक नजीराबाद, थाना प्रभारी काकादेव सहित संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

