घाटमपुर के हरनी गांव में मकान गिरने से पिता और तीन मासूम बेटियों की मौत, घायल बेटी का अस्पताल में इलाज
कानपुर। घाटमपुर तहसील क्षेत्र के हरनी गांव में मकान गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। हादसे में मुकेश कुमार (45) और उनकी तीन बेटियों माया (17), नीतू (7) तथा पल्लवी (5) की असामयिक मौत हो गई। उनकी बेटी काजल (लगभग 20) घायल हैं और निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
हृदयविदारक हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह घटनास्थल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल काजल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों को कुल 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा आवास निर्माण के लिए नियमानुसार सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीणों और परिजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतारा में उपचार व्यवस्था और घायलों के इलाज में देरी की शिकायत किए जाने पर डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने सीएमओ को सीएचसी पतारा के समस्त स्टाफ को बदलने के निर्देश दिए हैं।
मामले की जांच के लिए एसडीएम घाटमपुर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। इसमें डिप्टी सीएमओ और एसीपी घाटमपुर सदस्य होंगे। समिति उपचार व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा लापरवाही के आरोपों की जांच करेगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने लोगों से अपील की कि बारिश के बाद धूप निकलने के दौरान जर्जर और क्षतिग्रस्त भवनों से विशेष सावधानी बरतें। असुरक्षित भवनों में न रहें और खतरे की आशंका होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
मलबे में दबकर बुझ गए एक परिवार के चार चिराग, डीएम ने पहुंचकर बांटा दुख


Share this story