कानपुर। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बुधवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान डीसीपी दक्षिण ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई व समाधान की जानकारी भी दी जाए।
उन्होंने जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, उनके बैठने की उचित व्यवस्था करने और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने पर जोर दिया। साथ ही स्थानीय स्तर पर बार-बार सामने आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनके स्थायी समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।
डीसीपी दक्षिण ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखें, ताकि आम नागरिकों को पुलिस से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

