बर्रा-8, बर्रा-7 और जूही में चला सीलबंदी अभियान; प्रवर्तन जोन-3 की कार्रवाई से मचा हड़कंप

कानपुर नगर, 02 सितंबर। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को सील कर दिया। कार्रवाई KDA उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला के नेतृत्व में की गई।

KDA के मुताबिक बर्रा-8 में भूखण्ड संख्या-717 पर ए.के. मिश्रा द्वारा कराए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। इसके अलावा बर्रा-7 स्थित सभासदपुरम के भूखण्ड संख्या-08 पर अभिषेक सक्सेना द्वारा किए गए अवैध निर्माण पर भी सीलबंदी की कार्रवाई की गई।

वहीं, जूही के डब्लू-2 स्थित भूखण्ड संख्या-175 पर लाइफ लाइन अस्पताल (डॉ. आदित्य सचान) द्वारा तृतीय तल पर किए गए अवैध निर्माण को भी प्रवर्तन टीम ने सील कर दिया।

अभियान के दौरान विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला, अवर अभियंता अमरनाथ सिंह यादव समेत KDA का प्रवर्तन दल मौजूद रहा। प्राधिकरण की लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप की स्थिति है।

KDA अधिकारियों के अनुसार शहर में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अथवा बिना अनुमति कराए जा रहे निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्राधिकरण का यह अभियान अवैध निर्माण पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।