रिपोर्ट:-कुलदीप चंदन
बिठूर।परियर गंगा पुल के मध्य रविवार रात करीब 10 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में बिठूर के भिड़ैया गांव निवासी राहुल निषाद (35) की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं गंभीर रूप से घायल उन्नाव के मरौंदा जमालनगर निवासी सुजीत (26) ने हैलेट अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।पुलिस के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे।हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। राहुल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया,जबकि सुजीत को प्राथमिक उपचार के बाद हैलेट रेफर किया गया था। उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।दोनों शवों को मोर्चरी भेजकर पंचायतनामा की कार्रवाई की गई।घटना से आक्रोशित परिजनों ने दोनों शवों को बिठूर चुंगी पर रखकर सड़क जाम कर दिया।परिजनों ने मृतकों के परिवार को मुआवजा देने और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की।जाम की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश के लिए टीम लगाई है।परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
