डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने कल्याणपुर क्रासिंग समेत प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण, 100 मीटर दूरी पर सवारी बैठाने-उतारने के निर्देश

कानपुर, 19 सितम्बर 2026। सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शनिवार को Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme के अंतर्गत शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कल्याणपुर क्रासिंग, पनकी रोड, पुरानी शिवली रोड, इंद्रा नगर कट और बिठूर तिराहा कट की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अस्थायी अतिक्रमण को हटवाकर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। संबंधित लोगों को भविष्य में सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

डीसीपी यातायात ने विभिन्न स्थानों पर अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो संचालन के साथ-साथ चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया। प्रमुख चौराहा एवं तिराहा से ई-रिक्शा, ई-ऑटो और टेम्पो चालकों को कम से कम 100 मीटर की दूरी पर सवारी बैठाने और उतारने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सड़क पर अनावश्यक रूप से रुकने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही चौराहा एवं तिराहा पर चिन्हित किए जाने वाले चोक पॉइंट्स (Choke Points) की पहचान कर उनके कारणों को दूर करने पर जोर दिया गया, ताकि यातायात का प्रवाह बेहतर हो और यात्रियों के मैक्सिमम ट्रैवल टाइम को कम किया जा सके।

डीसीपी यातायात ने कहा कि Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme का उद्देश्य शहरवासियों को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात अवरोध पैदा करने वाले प्रमुख कारणों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित जोन टीआई, रूट मार्शल और सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे।