अल्पसंख्यकों को एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान, सम्मेलन में सिख, मुस्लिम व ईसाई समाज के लोग जुटे
कानपुर | 8 सितंबर 2026
कानपुर के शास्त्री नगर स्थित एस्सेल पैलेस में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के तत्वावधान में “अल्पसंख्यकों का संकल्प- कांग्रेस ही विकल्प” सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने सिख, मुस्लिम और ईसाई समाज के लोगों को संबोधित किया।
इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया जा रहा है, जिसका सबसे अधिक नुकसान अल्पसंख्यक समाज को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सभी अल्पसंख्यकों को एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की जरूरत है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में नफरत का माहौल पैदा किया जा रहा है और सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां मोदी सरकार नफरत का बाजार गर्म कर रही है, वहीं राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा कर सद्भावना का संदेश दे रहे हैं। राहुल गांधी के “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान” के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक पार्षद अमन दीप सिंह गंभीर ने इमरान प्रतापगढ़ी का स्वागत किया। उन्होंने अल्पसंख्यक समाज, विशेषकर सिख समाज को कांग्रेस से जोड़ने पर विचार रखे और सभी अतिथियों का आभार जताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मदनगोपाल राखरा ने की तथा संचालन रविंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर अजीत भाटिया, मीतू सिंह, करमवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, हरजीत सिंह, शम्मी अरोड़ा, परमजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
फोटो : सम्मेलन में इमरान प्रतापगढ़ी एवं अन्य कांग्रेस नेता।
मोदी सरकार फैला रही नफरत, राहुल गांधी बांट रहे मोहब्बत : इमरान प्रतापगढ़ी

Share this story