
कानपुर, 4 सितंबर। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह एवं जिला पंचायत राज अधिकारी ने बिधनू ब्लॉक के मर्दनपुर और पिपौरी गांवों का निरीक्षण किया।
मर्दनपुर के मोहन मिलन केंद्र में बनाए गए राहत शिविर में 12 ग्रामीण ठहरे मिले। शिविर में मेडिकल टीम की मौजूदगी पर अधिकारियों ने पीएचसी प्रभारी को सुबह-शाम रोस्टर के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा टीम भेजने के निर्देश दिए। पिपौरी में नाज गेस्ट हाउस में राहत शिविर संचालित मिला।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समन्वय कर राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा नियमित साफ-सफाई और निगरानी के लिए अधिकारियों व सफाई कर्मियों की रोस्टरवार तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही जनपद के सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित करने को कहा गया।

