लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए नौ IPS अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया। इस बदलाव में सात जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं। संभल के चर्चित पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई को अब बिजनौर की कमान सौंपी गई है। वहीं मेरठ, झांसी, सुल्तानपुर, गोंडा, बलरामपुर और अन्य जिलों में भी नई तैनाती की गई है।
सात जिलों में बदले पुलिस कप्तान
तबादला सूची के अनुसार संभल के SP केके बिश्नोई को बिजनौर का SP बनाया गया है। बिजनौर के SP अभिषेक झा को गोंडा भेजा गया है। गोंडा के SP विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का नया SP बनाया गया है। सुल्तानपुर की SP चारु निगम को SP UP-112, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह झांसी के SSP बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति को मेरठ का नया SSP बनाया गया है। मेरठ के SSP अविनाश पांडेय को हटाकर DGP मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। बलरामपुर के SP विकास कुमार को झांसी का नया SSP बनाया गया है।
दो अधिकारियों को पहली बार मिली कप्तानी
तबादला सूची में हाल ही में IPS बने विकास चंद्र त्रिपाठी और मार्तंड प्रकाश सिंह को भी जिले की कमान सौंपी गई है। विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का SP बनाया गया है, जबकि मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का SP नियुक्त किया गया है।
शासन के इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
