रैपर और मूल पैकेट की जांच से पनकी की सुधा सेल्स तक पहुंची टीम, संचालक के लौटने के बाद होगा निरीक्षण

कानपुर नगर। सार्वजनिक स्थान पर एक्सपायर्ड टॉफियां फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। जांच के दौरान मिले टॉफियों के रैपर और मूल पैकेट की पड़ताल के बाद विभागीय टीम पनकी के इस्पात नगर स्थित सुधा सेल्स तक पहुंची। टीम ने प्रतिष्ठान को सील कर दिया।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच कराई गई। मौके से मिले रैपर और मूल पैकेट की जांच में संबंधित उत्पाद का जुड़ाव सुधा सेल्स से सामने आया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने प्रतिष्ठान पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

जांच के दौरान संचालक के शहर से बाहर होने की जानकारी मिली। विभाग ने प्रतिष्ठान को सील करते हुए निर्देश दिया है कि संचालक के वापस लौटने पर विभाग से संपर्क कर प्रतिष्ठान का निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही प्रतिष्ठान में कारोबार दोबारा शुरू किया जा सकेगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सील किए गए प्रतिष्ठान के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ किए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के बाद हुई इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और एक्सपायरी को लेकर विभाग की सख्ती का संदेश गया है।