Article Image

मूंगफली, नमक, शहद समेत 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए; गंदगी और रिकॉर्ड में कमी पर नोटिस

कानपुर नगर। त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 14 और 15 अक्टूबर को शहर के 12 ई-कॉमर्स प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए ‘शुद्ध हो शुभ लाभ’ अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी स्टोरों पर जांच की।

निरीक्षण के दौरान पनकी मंदिर रोड स्थित बिग बास्केट से संदिग्ध मूंगफली का नमूना लिया गया। किदवई नगर के इंस्टामार्ट, लाजपत नगर के ब्लिंक इट, हरजेंद्र नगर के ब्लिंक इट, जाजमऊ के जेडब्ल्यूपीटीओ व फ्लिपकार्ट, काकादेव के इंस्टामार्ट और जुही स्थित अमेजन सहित कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक मिली।

वहीं, स्वरूप नगर स्थित जेप्टो स्टोर में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, खाद्य पदार्थों के भंडारण, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। परिसर में साफ-सफाई की कमी भी पाई गई। किदवई नगर स्थित जेप्टो स्टोर में खाद्य पदार्थों के रखरखाव और साफ-सफाई में कमियां मिलने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।

अभियान के दौरान मूंगफली, सेंधा नमक, साबूदाना, कुट्टू आटा, शहद और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, उचित भंडारण और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभाग के अनुसार, एकत्र किए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।