Article Image

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों के घर बजी शहनाई, गृहस्थी बसाने को मिलेगी 64 हजार रुपये की सहायता

शिवराजपुर (कानपुर नगर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शिवराजपुर के राम सहाय इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में 188 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। सामाजिक एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में गरीब, जरूरतमंद और निराश्रित परिवारों की बेटियों ने नई जिंदगी की शुरुआत की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी रही।

समारोह में अनुसूचित जाति के 135, अन्य पिछड़ा वर्ग के 38, अल्पसंख्यक वर्ग के 13 तथा सामान्य वर्ग के दो जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। योजना के तहत विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं के विवाह की भी व्यवस्था है।

बिल्हौर ब्लॉक में सबसे ज्यादा 59 विवाह

विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार, बिल्हौर में 59, ककवन में 47 और चौबेपुर में 39 जोड़ों का विवाह हुआ। राम सहाय इंटर कॉलेज स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 37 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जबकि नगर पालिका शिवराजपुर क्षेत्र में तीन जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। नगर पालिका बिल्हौर के जोड़ों का अलग आंकड़ा उपलब्ध नहीं कराया गया।

एक लाख रुपये प्रति जोड़े का प्रावधान

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें कन्या के खाते में ऑनलाइन माध्यम से 64 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इसके अलावा 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जबकि भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, बिजली और प्रकाश सहित अन्य व्यवस्थाओं पर 15 हजार रुपये व्यय किए जाते हैं।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख बिल्हौर मनोरमा कठेरिया, ब्लॉक प्रमुख शिवराजपुर शुभम बाजपेयी, ब्लॉक प्रमुख चौबेपुर राजेश शुक्ला, परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी आत्मा प्रकाश स्तोगी, उपजिलाधिकारी बिल्हौर एवं नोडल अधिकारी मनीष कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

आयोजन के संबंध में जारी सूचना के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर किसी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। सभी 188 जोड़ों का विवाह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।