Article Image

डीएम ने आधी रात शहर की सफाई व्यवस्था परखी, एक्सप्रेस रोड पर गंदगी देख जताई नाराजगी

कानपुर। बाजार बंद होते ही अब कूड़ा भी उठाना होगा। नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर बुधवार रात जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सख्ती दिखाई। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और सीडीओ अभिनव जे. जैन के साथ रात 10 बजे शहर के कई इलाकों का निरीक्षण किया। नरोना चौराहा और एक्सप्रेस रोड समेत प्रमुख स्थानों पर सफाई व्यवस्था देखी।

जिलाधिकारी ने बाजारों से रात में ही कूड़ा उठाने के निर्देश दिए। कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त वाहन और कर्मचारी लगाए जाएं। कूड़ा उठाने वाले वाहनों की रूट और समय-सारिणी की निगरानी हो। सड़क पर कूड़ा मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाए।

एक्सप्रेस रोड पर गंदगी, तीन दिन की मोहलत

एक्सप्रेस रोड के गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट पर गंदगी देख डीएम नाराज हुए। पूरे मार्ग की तीन दिन में सफाई कराने के निर्देश दिए। नाइट स्वीपिंग नियमित कराने को कहा। तीन दिन बाद दोबारा निरीक्षण होगा। कमी मिली तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।

कूड़ा स्थल बनेगा बैठने की जगह

घसियारी मंडी के पास स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट को खत्म किया जाएगा। यहां जमा होने वाला कूड़ा पास के ट्रांसफर स्टेशन भेजा जाएगा। स्थल पर इंटरलॉकिंग होगी। बेंच लगाई जाएगी। वॉल पेंटिंग कराकर जगह को व्यवस्थित किया जाएगा।

रात में कूड़ा फेंका तो रोकेंगे

नगर आयुक्त ने एक्सप्रेस रोड के दोनों ओर सीसी रोड के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए। खराब स्ट्रीट लाइटें तत्काल ठीक कराने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि रात में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रहे।

व्यापारियों और दुकानदारों को निर्धारित वाहन या स्थान पर ही कूड़ा देने के लिए जागरूक किया जाएगा। आईईसी गतिविधियां भी चलेंगी। अधिकारियों ने साफ कहा कि सड़क, बाजार या सार्वजनिक स्थल पर रात में कूड़ा फेंकने की मनमानी नहीं चलेगी।