कानपुर नगर। थाना चकेरी पुलिस ने जालसाजी, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने और रंगदारी मांगने के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के मुताबिक, थाना चकेरी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 846/2025 में अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। मामले में जमीन से संबंधित दस्तावेजों में कथित कूटरचना कर जमीन हड़पने का प्रयास तथा रंगदारी मांगने के आरोप सामने आए थे।

पिता की जमीन पर फर्जी दस्तावेज लगाने का आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार वादी विशाल पाण्डेय ने बताया कि उनके पिता ने वर्ष 2008 में आराजी संख्या 813 में लगभग 7500 वर्ग गज भूमि खरीदी थी। बाद में जब वादी अपनी भूमि पर पहुंचे तो वहां उनके पिता का नाम हटाकर अन्य अधिवक्ताओं के नाम और मोबाइल नंबर लिखे होने की बात सामने आई।

आरोप है कि विरोध करने पर नामजद अभियुक्तों ने वादी और उसके परिवार पर दबाव बनाया तथा जमीन खाली करने के एवज में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस जांच में कथित रूप से वर्ष 2007 में निरस्त हो चुके एक पुराने पट्टे को कूटरचित तरीके से तैयार कर जमीन हड़पने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई।

शिवपुरम क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान अभियुक्त के संबंध में मिली सूचना के आधार पर 20 सितंबर 2026 की रात करीब 00:50 बजे थाना चकेरी पुलिस टीम ने शिवपुरम, कोयला नगर क्षेत्र स्थित उसके मकान से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त

ओम हरि उर्फ हरिलाल लोढ़ पुत्र पारान, निवासी ग्राम सुल्तानपुर, थाना ललौली, जनपद फतेहपुर, हाल पता—मकान नंबर 5, शिवपुरम, कोयला नगर, थाना चकेरी, कानपुर नगर। उम्र करीब 58 वर्ष

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध थाना चकेरी में पूर्व से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।