विकलांग बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों की हुई समीक्षा, बुजुर्गों को आगे आकर एकीकरण को सार्थक बनाने का संदेश
कानपुर। विकास भवन सभागार में 22 सितंबर 2026 को मां0 प्रशासक, जिला पंचायत श्रीमती स्वप्निल वरुण जी की अध्यक्षता में जिला एकीकरण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीसीपी (सी) डॉ. अर्चना सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री आलोक प्रकाश रस्तोगी, परियोजना निदेशक श्री आलोक कुमार सिंह, श्रीमती दीपिका सिंह, प्रधानाचार्य जीजीआईसी श्री पवन तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री सर्वेश पाण्डेय (निन्नी पाण्डेय) सहित जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक में श्री इन्द्रेश त्रिपाठी ने बाल भवन समिति द्वारा दिव्यांग बच्चों के संबंध में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं श्री सत्येन्द्र कुमार सिन्हा ने समाज के बुजुर्गों से आगे आकर जिला एकीकरण के प्रयासों को सार्थक बनाने का आह्वान किया।
समाजसेवी श्री हाजी अजमत अली ने बीते त्योहारों के दौरान पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए पुलिस विभाग से उपस्थित एडीसीपी श्रीमती अर्चना सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई मुस्लिम देशों में नमाज के समय भी बम धमाके जैसी घटनाएं होती हैं, जबकि भारत में लोग पूर्ण सौहार्द के साथ अपनी पूजा और नमाज अदा करते हैं।
बैठक में समाजसेवी श्री सर्वेश पाण्डेय (निन्नी पाण्डेय) ने शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की मूर्ति लगाए जाने तथा नरोरा चौराहे पर लगी मूर्ति के पुनःस्थापन की मांग भी रखी।
बैठक के अंत में मां0 प्रशासक, जिला पंचायत श्रीमती स्वप्निल वरुण ने बुढ़वा मंगल पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के लिए जो भी अच्छा कार्य किया जा सकता है, उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदारी से ही जिले, प्रदेश और देश की प्रगति संभव है।

