Article Image

कानपुर। भवानी नगर व चंद्रा विहार संयुक्त गणेश महोत्सव समिति की ओर से आयोजित पंचम गणेश महोत्सव का बुधवार को भव्य शोभायात्रा और गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ भावपूर्ण समापन हुआ। भगवान गजानन की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने जयकारों और भक्ति गीतों के बीच बप्पा को विदाई दी। प्रतिमा का मैस्कर घाट पर विधि-विधान से विसर्जन किया गया।

समिति अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों को गणेश महोत्सव से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि समिति की कोशिश रहेगी कि हर वर्ष बप्पा का यह आयोजन और अधिक भव्य रूप ले।

समिति के उपाध्यक्ष एवं व्यवस्थापक अतुल सिंह सोमवंशी ने बताया कि 14 सितंबर से चल रहे महोत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशेष रूप से बच्चों की सहभागिता पर ध्यान दिया गया, ताकि नई पीढ़ी सनातनी परंपराओं और धार्मिक संस्कृति से परिचित हो सके।

कोषाध्यक्ष राहुल भदौरिया ने बताया कि महोत्सव के दौरान सुंदरकांड, बाल मेला, रुद्राभिषेक, भस्म आरती, जागरण, झांकी, अंताक्षरी और डांडिया नाइट सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष आयोजन को और व्यापक रूप देने की तैयारी की जाएगी।

आयोजन में शिवम जायसवाल, रोहित जायसवाल, अविनाश सिंह, राहुल सेंगर, गोपाल सिंह, चमन पाल, अभिषेक सिंह और वीरू विश्वकर्मा सहित समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।.रिपोर्ट. अनुज तिवारी

बप्पा की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें नम रहीं और वातावरण ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से गूंज उठा।