भौती बाईपास पर यातायात पुलिस का ‘Meet & Greet’ अभियान, यात्रियों से लिया सुरक्षा का फीडबैक

कानपुर। उच्च न्यायालय के निर्देशों और अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा के आदेश के क्रम में कानपुर नगर में स्लीपर और एसी बसों की सुरक्षा जांच के लिए ‘Meet & Greet’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को भौती बाईपास चौराहे पर निजी एसी व स्लीपर बसों की सघन चेकिंग की गई।

पुलिस उपायुक्त यातायात अभय नाथ त्रिपाठी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई के दौरान बसों में अग्निशामक यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट, आपातकालीन सुरक्षा उपकरण समेत अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की उपलब्धता और कार्यशीलता जांची गई। ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ जांच भी की गई।

डीसीपी यातायात ने बसों में सवार यात्रियों से संवाद कर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। महिलाओं, बालिकाओं और बच्चियों से विशेष रूप से बातचीत कर यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई। यात्रियों को किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।

जांच के दौरान यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर पांच बसों के खिलाफ प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की गई। बस संचालकों और चालकों को निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि यात्री सुरक्षा और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान एसीपी यातायात मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, टीआई समीर जावेद समेत सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे।