Article Image


कानपुर नगर, 15 जून 2026।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित "योग सप्ताह" (15 से 21 जून 2026) के प्रथम दिन सोमवार को नानाराव पार्क में नगर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करते हुए उपस्थित लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि "करो योग, रहो निरोग" केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है तथा जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि आगामी 21 जून 2026 को ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करें और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।
उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के दौरान नानाराव पार्क, माल रोड, फूलबाग सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा योग को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, अपर जिलाधिकारी (नगर) सहित प्रशासन एवं आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, योग प्रशिक्षक, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।