कानपुर नगर, 23 जून 2026।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जे. जैन ने मंगलवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चैबेपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.पी. मिश्र और जिला पंचायत राज अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण में बड़ी संख्या में कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उनके एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
प्रातः 8:45 बजे हुए निरीक्षण में उपस्थित पंजिकाओं की जांच के दौरान पाया गया कि नियमित और संविदा कर्मचारियों के लिए अलग-अलग उपस्थिति रजिस्टर संचालित किए जा रहे हैं। नियमित कर्मचारियों के रजिस्टर में दर्ज 28 अधिकारियों एवं कर्मचारियों में से 21 अनुपस्थित पाए गए, जबकि संविदा कर्मचारियों के 33 पदों में से 22 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने सभी अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी मिली कि सीएचसी चैबेपुर में प्रतिदिन लगभग 250 मरीजों की ओपीडी होती है। सीडीओ ने ओपीडी से प्राप्त धनराशि, उसके उपयोग तथा अब तक हुए व्यय का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जननी सुरक्षा योजना के तहत 67 प्रसूताओं को अब तक भुगतान न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पात्र महिलाओं को शीघ्र योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्तर के चिकित्सकों द्वारा अस्पताल का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को भी कहा।
इसके बाद सीडीओ ने ग्राम पंचायत बंसठी का दौरा कर सीएसआर फंड से कराए जा रहे बंसठी झील के जीर्णोद्धार कार्य, पंचायत सचिवालय और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी चैबेपुर भी उपस्थित रहे।
लोहिया कॉर्प द्वारा सीएसआर फंड से कराए जा रहे झील पुनर्जीवन कार्य के संबंध में कंपनी के प्रतिनिधि नवनीत ने बताया कि झील में बड़ी मात्रा में फैली जलकुंभी की सफाई, गाद निकासी और झील को गहरा करने का कार्य कराया जा रहा है। भविष्य में बंसठी झील को मत्स्य पालन एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके अलावा झील के चारों ओर 2,000 पौधों का रोपण भी किया जाएगा। मौके पर एक पोकलेन मशीन से खुदाई एवं सफाई कार्य जारी मिला। सीडीओ ने आगामी मानसून से पहले कार्य पूर्ण करने के लिए मशीनों और मैनपावर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत बंसठी के पंचायत सचिवालय के निरीक्षण के दौरान जन्म-मृत्यु पंजीयन रजिस्टर, परिवार रजिस्टर, पंचायत सहायक उपस्थिति रजिस्टर और सफाईकर्मियों के अभिलेखों की जांच की गई। ग्राम सचिव को सफाईकर्मियों का रोस्टर तैयार करने, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र एवं परिवार रजिस्टर से संबंधित आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सफाईकर्मियों को सप्ताह में दो बार प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की सफाई करने तथा पंचायत सहायक को ग्राम पंचायत की दैनिक साफ-सफाई की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने ग्राम पंचायत बंसठी में निर्मित इंटरलॉकिंग मार्ग का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इंटरलॉकिंग मार्ग के बीच बनी नाली खुली मिली, जिस पर पाटिया लगाकर ढकने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग रखी, जिस पर ग्राम प्रधान एवं प्रशासक ने धनराशि उपलब्ध होने पर कार्य कराने की बात कही। सीडीओ ने नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।


