कानपुर नगर, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी मुहिम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय परिसर, सर्वोदय नगर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने किया।
इस अवसर पर कार्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय के समस्त कर्मचारियों के साथ-साथ बचपन डे-केयर सेंटर के स्टाफ ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।


