Article Image



कानपुर नगर। ग्रीन पार्क स्टेडियम के सौंदर्यीकरण एवं दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। आयुक्त, कानपुर मंडल के निर्देश पर स्टेडियम के विकास एवं आधुनिकीकरण के लिए गठित तकनीकी समिति ने मंगलवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम का निरीक्षण किया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जय जैन ने समिति के सदस्यों के साथ स्टेडियम परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, संरचनाओं एवं संभावित विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दर्शक दीर्घा, प्रवेश द्वार, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े बिंदुओं पर विशेष चर्चा की गई।
गौरतलब है कि आयुक्त, कानपुर मंडल द्वारा ग्रीन पार्क स्टेडियम के सौंदर्यीकरण के लिए एक तकनीकी समिति का गठन किया गया है, जिसमें एचबीटीयू के कुलपति, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, कानपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता तथा लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता शामिल हैं। समिति को स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक सुधार कार्यों का सर्वेक्षण कर सुझाव देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने समिति के सदस्यों को निर्देशित किया कि स्टेडियम में कराए जाने वाले संभावित विकास कार्यों, आवश्यक मरम्मत, जनसुविधाओं के विस्तार तथा सौंदर्यीकरण से संबंधित सभी प्रस्तावों का विस्तृत नोट तैयार कर एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत किया जाए।