सात प्रकार की परियोजनाओं को मिलेगी वित्तीय सहायता, पुनर्वास एवं कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा
कानपुर नगर।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित "दिव्यांगजन के सर्वांगीण पुनर्वास हेतु स्वैच्छिक संस्थाओं को सहायता" योजना के अंतर्गत जनपद की पात्र एवं प्रतिष्ठित स्वैच्छिक संस्थाओं से अनुदान प्राप्त करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने बताया कि इच्छुक संस्थाएं 15 जून 2026 तक अपने प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप पर आवश्यक अभिलेखों सहित जमा कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत परिभाषित 21 प्रकार की दिव्यांगताओं से संबंधित सेवाओं के संचालन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। योजना के तहत सात प्रकार की परियोजनाओं एवं कार्यक्रमों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
इनमें अर्ली इंटरवेंशन सेंटर, डे-केयर सेंटर एवं प्री-प्राइमरी स्कूल, प्राथमिक स्तर के विशेष विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल एवं हाईस्कूल स्तर तक के विशेष विद्यालय, कौशल विकास कार्यक्रम तथा पाठ्य सामग्री विकास एवं पुस्तकालय संचालन जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों के पुनर्वास, शिक्षा, कौशल विकास एवं सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने पात्र संस्थाओं से समय से आवेदन प्रस्तुत कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए इच्छुक संस्थाएं किसी भी कार्यदिवस में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, सेवायोजन कार्यालय परिसर, निकट गोल चौराहा, जी.टी. रोड, कानपुर नगर में संपर्क कर सकती हैं।
