ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई अपनाकर बचाएं पानी, बढ़ाएं उत्पादन और आय
कानपुर नगर। किसानों को कम पानी में अधिक उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप) के अंतर्गत ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली पर भारी अनुदान दिया जा रहा है। जिला उद्यान अधिकारी उमेश चन्द्र उत्तम ने बताया कि योजना के तहत लघु एवं सीमान्त किसानों को 90 प्रतिशत तक तथा बड़े किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि जनपद को वर्ष 2026-27 के लिए कुल 1411 हेक्टेयर का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें ड्रिप, मिनी स्प्रिंकलर, माइक्रो स्प्रिंकलर, पोर्टेबल स्प्रिंकलर, सेमी परमानेंट स्प्रिंकलर तथा रेनगन स्प्रिंकलर शामिल हैं।
जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि ड्रिप एवं स्प्रिंकलर तकनीक से लगभग 70 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है। साथ ही उर्वरकों का बेहतर उपयोग होने से लागत घटती है और फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन में वृद्धि होती है। यह तकनीक ऊंची-नीची भूमि पर भी प्रभावी है।
योजना के तहत पोर्टेबल एवं रेनगन स्प्रिंकलर पर लघु एवं सीमान्त किसानों को 75 प्रतिशत तथा बड़े किसानों को 60 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक किसान www.upmip.in⁠� पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन रावतपुर के कक्ष संख्या 18 एवं 21 में संपर्क किया जा सकता है अथवा मोबाइल नंबर 9151066897 पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
योजना का लाभ लेने के लिए किसान के पास सिंचाई हेतु जल स्रोत होना आवश्यक है। व्यक्तिगत लाभार्थी को अधिकतम 5 हेक्टेयर तक अनुदान मिलेगा तथा सहकारी समितियां एवं संविदा खेती करने वाले कृषक भी योजना का लाभ उठा सकेंगे।