विश्व दिव्यांग दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित
दिव्यांगजन सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिलेगा सम्मान, 25 जून तक जमा होंगे आवेदन
कानपुर नगर।
विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और अधिकारियों को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी एवं संस्थाएं 25 जून 2026 तक अपने आवेदन जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कानपुर नगर में जमा कर सकते हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने बताया कि आगामी 3 दिसम्बर 2026 को आयोजित होने वाले विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह पुरस्कार दिव्यांगता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अंतर्गत दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कुल 12 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी एवं स्वनियोजित दिव्यांगजन, दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराने वाले सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता एवं प्लेसमेंट एजेंसी, दिव्यांगजनों के हित में कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति एवं संस्था, प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व, नवीन अनुसंधान एवं उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण के सृजन में योगदान, पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जनपद, सृजनशील दिव्यांग वयस्क एवं बालक-बालिका, सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस, दिव्यांगजन-अनुकूल वेबसाइट, उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट www.uphwd.gov.in� से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 18001801995 पर भी आवश्यक जानकारी ली जा सकती है।
उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे निर्धारित प्रारूप में दो प्रतियों में आवेदन पत्र 25 जून 2026 तक कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के कार्यदिवसों में संपर्क किया जा सकता है अथवा मोबाइल नंबर 8189038785 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विश्व दिव्यांग दिवस पर 12 श्रेणियों में दिए जाएंगे राज्य स्तरीय पुरस्कार

Share this story