कानपुर नगर। तहसील बिल्हौर में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा 60 दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत 25 दिव्यांगजनों को तत्काल दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि 35 लोगों को विस्तृत जांच के लिए रेफर किया गया।
इसके अलावा 3 दिव्यांगजनों का दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत पंजीकरण किया गया। 12 लाभार्थियों को सहायक उपकरण योजना से जोड़ते हुए पंजीकृत किया गया। वहीं एक दिव्यांगजन को दुकान संचालन योजना तथा एक अन्य को शादी अनुदान योजना के तहत लाभ प्रदान करने के लिए पंजीकरण किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी कानपुर नगर, डीसीपी बिल्हौर, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी बिल्हौर तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में चिकित्सा विभाग, पूर्ति विभाग, राजस्व विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं भारतीय डाक विभाग ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच सके।