स्वयं सहायता समूहों, एफपीओ और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को विस्तार व अधिक लाभ दिलाने के दिए निर्देश
कानपुर नगर, 2 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने गुरुवार को विकास खंड चौबेपुर में विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) द्वारा संचालित इकाइयों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा तथा जिला उद्यान अधिकारी उमेश चंद्र उत्तम भी उपस्थित रहे।
सीडीओ ने ग्राम फत्तेपुर में किसान राजेंद्र चौरसिया के 1500 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित पान की खेती का निरीक्षण किया। किसान से उत्पादन लागत और वार्षिक आय की जानकारी लेने के बाद उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने मंधना रोड स्थित शंकर कन्फेक्शनरी का निरीक्षण किया, जहां खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के तहत लॉलीपॉप, फ्रूट जेली, जैम और अन्य उत्पादों का प्रतिदिन लगभग एक टन उत्पादन किया जा रहा है। उद्यमी को प्रथम किस्त के रूप में 19 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हो चुका है।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत ग्राम सादीपुर में संचालित बेकरी यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उद्यमी को अधिकतम लाभ दिलाने तथा अन्य इच्छुक लोगों को भी योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
ग्राम किशुनपुर स्थित ब्रह्मावर्त नेचर फार्मिंग प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निरीक्षण के दौरान फार्म मशीनरी बैंक, सोलर सिस्टम तथा मसालों की पैकेजिंग इकाई का अवलोकन किया गया। यहां स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को भी इकाई का भ्रमण कराया गया ताकि वे भी इसी प्रकार के उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
उदैतपुर स्थित चौबेपुर मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड में दुग्ध उत्पादन और फार्म मशीनरी बैंक की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सीडीओ ने आय बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मशीनरी बैंक के संचालन और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की।
ग्राम उदैतपुर में किसान सतीश कुमार चौरसिया द्वारा की जा रही मल्टीलेयर फार्मिंग और कुंदरू की खेती का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने इस मॉडल को अन्य किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान किशुनपुर की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पशुपालन, मिल्क कलेक्शन तथा आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त कर अचार, मुरब्बा और पापड़ निर्माण जैसे कार्यों की जानकारी दी।
कल्याणपुर विकास खंड के उज्ज्वला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित आटा मिल एवं बेसन निर्माण इकाई तथा आशा स्वयं सहायता समूह की प्रस्तावित सरसों और रिफाइंड तेल इकाई का भी निरीक्षण किया गया। दोनों समूहों ने पूंजी की आवश्यकता बताई, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि उन्हें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के माध्यम से अधिकतम लाभ दिलाया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को योजनाओं का लाभ दिलाकर उनकी आय बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।