कानपुर नगर, 07 मई 2026।
मुख्य विकास अधिकारी ने गुरुवार को विकासखंड सरसौल स्थित सैबसी झील के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में झील को पर्यटन एवं मत्स्य पालन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान मत्स्य जीवी सहकारी समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि झील से जलकुंभी हटाने, गाद सफाई और गहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। सीडीओ ने कार्य में तेजी लाने के लिए मशीनों और मैनपावर की संख्या बढ़ाकर 31 मई 2026 तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही लघु डाल नहर विभाग को झील में पर्याप्त पानी पहुंचाने हेतु कैनाल से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने जिला पंचायत द्वारा पूर्व में कराए गए स्ट्रीट लाइट, इंटरलॉकिंग, पौधरोपण व ब्रांडिंग बोर्ड जैसे कार्यों का भी निरीक्षण किया और कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

इसके बाद ग्राम पंचायत महाराजपुर में स्वगणना अभियान को लेकर बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। सभी ग्राम एवं विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों को अगले दो दिनों में स्वगणना अभियान पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने महाराजपुर गौशाला का निरीक्षण भी किया, जहां 136 गौवंशों की देखरेख की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने गौशाला में टीनशेड पर सफेद पेंट और स्प्रिंकलर लगाने का कार्य दो दिनों में पूरा कराने के निर्देश दिए।