गौ-शालाओं के लिए भूसा दान में तेजी लाने के निर्देश, 2 दिन में लक्ष्य पूरा करने का अल्टीमेटम

Surya pandey कानपुर नगर। दिनांक 29 अप्रैल 2026 को मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों, समस्त खण्ड विकास अधिकारियों एवं प्रत्येक विकास खण्ड से भूसा दान में कम प्रगति वाले 5-5 ग्राम पंचायत सचिवों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी खण्ड विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायतवार भूसा संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी दो दिनों के भीतर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सचिवों एवं विकास खण्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों को सामूहिक प्रयास से लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही संचालित गौ-शालाओं में भीषण गर्मी से बचाव के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गौ-शालाओं में स्प्रिंकलर लगाने, चारों ओर जूट के बोरे लगाकर कवर करने तथा छतों पर चूने की पुताई कराने के निर्देश दिए गए, ताकि तापमान को नियंत्रित किया जा सके और पशुओं को राहत मिल सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक भूसा दान एकत्रित कर उसे सुरक्षित स्टोर में संरक्षित रखने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि यदि कोई व्यक्ति भूसा बेचना चाहता है तो नियमानुसार 7 रुपये प्रति दर से खरीद कर उसे भी स्टोर में सुरक्षित रखा जाए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि गौ-शालाओं में पशुओं के संरक्षण एवं सुविधा के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करें।
Share this story