Surya pandey
कानपुर नगर, 28 अप्रैल 2026। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे जैन ने मंगलवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालय कक्षों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली, वहीं कर्मचारियों से उनके कार्यों के बारे में विस्तार से पूछताछ की।
निरीक्षण में कई महत्वपूर्ण खामियां सामने आईं, जिस पर सीडीओ ने तुरंत सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पटल सहायकों को नेम प्लेट लगाने और अपने कार्यों का स्पष्ट विवरण प्रदर्शित करने को कहा। साथ ही अभिलेखों की अलमारियों के बाहर उनके विवरण अंकित करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यालयों में समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कार्यालयाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई। विकास भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी की तैनाती कर लाभार्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान और उनका रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय में पेयजल व शौचालय व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, जिसे तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया। साथ ही ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पेयजल, घड़े और वाटर कूलर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने लाभार्थियों के बैठने की उचित व्यवस्था करने, अनावश्यक सामग्री हटाने और सभी विभागों के बाहर स्पष्ट नाम पट्ट लगाने पर भी जोर दिया। इसके अलावा पेंशन योजनाओं की जानकारी ग्राम पंचायत स्तर तक फ्लैक्स बोर्ड के माध्यम से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगली निरीक्षण में यदि इन कमियों का निराकरण नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विकास भवन में औचक निरीक्षण :लापरवाही पर सख्ती,व्यवस्थाओं में सुधार के कड़े निर्देश

Share this story