पडरौना (कुशीनगर)। नगर पालिका परिषद पडरौना ने नगर की स्वच्छता, सीवर सफाई और आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। जलकल भवन परिसर में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने नव प्राप्त वाहनों एवं आधुनिक मशीनों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर उन्हें नगर सेवा के लिए समर्पित किया।
इस दौरान दो स्काई लैडर वाहन, दो कूड़ा लोडिंग डम्पर तथा दो सीवर सेफ्टी मशीनों का पूजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इन आधुनिक संसाधनों के शामिल होने से नगर की सफाई व्यवस्था, सीवर सफाई कार्य और आपातकालीन सेवाएं पहले से अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रभावी होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में पडरौना नगर निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नए वाहनों और मशीनों के संचालन से न केवल स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सुरक्षा में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि आधुनिक तकनीक और संसाधनों से सुसज्जित नगर पालिका परिषद पडरौना, नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर सभासद अनिल जायसवाल, मोनू सिंह, श्याम साहा, रामआश्रय गौतम, छोटेलाल कुशवाहा, गोलू, महेंद्र चौधरी, मनोज सिंह, बृजेश शर्मा, सन्नी मिश्रा, राजेश जायसवाल, संतोष चौहान, मंथन सिंह, मृतुंजय दीक्षित, अनिल पांडेय, भोला साहा, अजय शर्मा सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।