PWD के 9 मीटर चौड़ीकरण संबंधी नोटिस से परेशान थे लोग, विधायक ने मौके पर पहुंचकर दिया भरोसा
शुक्लागंज (उन्नाव)। शुक्लागंज की पोनी रोड के प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर क्षेत्र में चल रहे असमंजस के बीच सदर विधायक पंकज गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बातचीत की तथा उन्हें आश्वस्त किया कि सड़क का चौड़ीकरण 8 मीटर तक ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
दरअसल, लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से 9 मीटर चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किए जाने के साथ ही कई मकानों और दुकानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। इससे स्थानीय लोगों में चिंता और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। लोगों को आशंका थी कि 9 मीटर चौड़ीकरण होने पर उनके मकान और प्रतिष्ठान प्रभावित होंगे।
सूचना मिलने पर सदर विधायक पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे और प्रभावित लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पोनी रोड के लिए 8 मीटर चौड़ीकरण ही पर्याप्त है और इसी सीमा तक सड़क का विस्तार कराया जाएगा। विधायक के इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और उनके चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
हालांकि, पीडब्ल्यूडी की ओर से 9 मीटर चौड़ीकरण संबंधी नोटिस जारी होने के कारण अब भी लोग विभाग के अंतिम आदेश का इंतजार कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि विभाग विधायक के आश्वासन के अनुरूप संशोधित आदेश जारी करता है या नहीं।