भौती बाईपास पर चला 'ड्रिंक एंड ड्राइव' अभियान, नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
कानपुर नगर, 20 जून 2026। सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर की यातायात पुलिस ने शनिवार को विशेष "ड्रिंक एंड ड्राइव" अभियान चलाया। यह अभियान एसीपी यातायात के निर्देशन में टीआई पश्चिम जोन प्रथम, एआरटीओ तथा परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा एनएचएआई-19 स्थित भौती बाईपास पर संचालित किया गया।
अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन चालकों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से उनकी जांच की गई। जांच में शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधिक एवं प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की गई।
इस दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए शराब पीकर वाहन न चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील भी की।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।