औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना अछल्दा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि दिबियापुर थाना क्षेत्र के घेरा निवासी रवि बाबू पाल ने 22 जुलाई को अछल्दा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 21 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर उनका मोबाइल फोन, लगभग 13,500 रुपये नकद, बाइक की चाबी और हेलमेट लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन विशेष टीमें गठित की गईं। थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तुर्कपुर बंबा अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया, जहां चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिबियापुर थाना क्षेत्र के पुवा निवासी राजा पुत्र रामकृष्ण, चंद्रभान उर्फ टिल्लू पुत्र सुरेश बाबू, मनोज कुमार पुत्र विजय सिंह तथा सर्बजीत पुत्र राजू दोहरे के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि रिश्तेदारी से लौटते समय उन्होंने अकेले जा रहे बाइक सवार को देखकर लूट की योजना बनाई थी। रास्ता पूछने के बहाने पीड़ित को रोककर उसे डराया-धमकाया और उसके पास मौजूद नकदी व मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद बाइक की चाबी और हेलमेट को पहचान छिपाने के उद्देश्य से नहर में फेंक दिया गया, जबकि लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12,200 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन, दो अवैध 315 बोर तमंचे, तीन जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
औरैया में लूटकांड का खुलासा: 72 घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार, नकदी, मोबाइल, तमंचे और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

Share this story