... .......... कानपुर शिक्षकों और उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के लेक्चर हॉल नंबर-1 में कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। योजना के अंतर्गत जनपद के एक हजार से अधिक शिक्षकों को लाभान्वित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 54 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
योजना के तहत पात्र शिक्षकों एवं उनके परिवारजनों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में ₹5 लाख तक निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जबकि सरकारी अस्पतालों में उपचार राशि की कोई सीमा निर्धारित नहीं है।
इस अवसर पर पीपीएन कॉलेज, बीएनडी कॉलेज, कानपुर विद्या मंदिर, जुहारी देवी, ब्रह्मावर्त कॉलेज, हरसहाय कॉलेज तथा डीएवी ट्रेनिंग कॉलेज के शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों ने कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी, बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा, घाटमपुर विधायक सरोज कुरील, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, अपर जिलाधिकारी नगर आलोक कुमार, जिला विकास अधिकारी एपी रस्तोगी एवं उच्च शिक्षा विभाग की नोडल अधिकारी प्रो. अपर्णा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना प्रदेश सरकार की शिक्षक हितों के प्रति संवेदनशीलता का परिचायक है। स्वास्थ्य संबंधी संकट के समय यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।
गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि शिक्षक समाज की भावी पीढ़ी का निर्माण करते हैं। ऐसे में उनके और उनके परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से शिक्षकों को बीमारी के समय इलाज के लिए आर्थिक व्यवस्था की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने योजना को शिक्षकों के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बताया।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। यह योजना आकस्मिक परिस्थितियों में शिक्षकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।
उच्च शिक्षा विभाग की नोडल अधिकारी प्रो. अपर्णा सिंह ने कहा कि यह योजना उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षकों और उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों एवं संबंधित संस्थानों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।
कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग की नोडल अधिकारी प्रो. अपर्णा सिंह, सहायक नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य प्रो. अमर श्रीवास्तव तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मंच संचालन रामसहाय राजकीय महाविद्यालय, शिवराजपुर की प्रो. सुमन शुक्ला ने किया। अंत में प्रो. अपर्णा सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना: कानपुर के एक हजार से अधिक शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज का लाभ


Share this story