कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ब्रह्म नगर वार्ड में स्थित दो प्राचीन शिव मंदिरों में अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, दोनों मंदिरों में स्थापित शिवलिंग और नंदी की मूर्तियां टूटी हुई अवस्था में सड़क पर पड़ी मिलीं। यह दृश्य देखकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और घटना को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि दोनों शिव मंदिर लगभग 40 वर्ष से भी अधिक पुराने हैं और स्थानीय श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहे हैं। मंदिरों में हुई तोड़फोड़ से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बिठूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कानपुर के बिठूर में शिव मंदिरों में तोड़फोड़, शिवलिंग और नंदी की मूर्तियां क्षतिग्रस्त मिलने से भड़का जनाक्रोश

Share this story