सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी कार्यक्रमों की प्रमाणिक जानकारी अब पहुंचेगी सीधे आमजन तक
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल "सूचना प्रवाह" का शुभारंभ किया। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से चैनल का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित सूचना विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
"सूचना प्रवाह" उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच होगा, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों, जनहितकारी कार्यक्रमों तथा शासन की विभिन्न पहलों से जुड़ी प्रमाणिक, तथ्यपरक और त्वरित जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों और महत्वपूर्ण आयोजनों का नियमित प्रसारण भी इसी मंच के माध्यम से किया जाएगा।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। ऐसे में "सूचना प्रवाह" सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त सेतु सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए नागरिकों को सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की विश्वसनीय एवं प्रमाणिक जानकारी सरल, सहज और आकर्षक स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग समय के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। "सूचना प्रवाह" के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और शासन की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही और समयबद्ध जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह यूट्यूब चैनल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं के प्रसार का प्रभावी मंच बनेगा तथा आमजन और शासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डिजिटल युग में सूचना विभाग की नई उड़ान, 'सूचना प्रवाह' यूट्यूब चैनल का शुभारंभ


Share this story