कानपुर। मां भगवती की असीम कृपा एवं सद्गुरुदेव परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के पावन निर्देशन में भगवती मानव कल्याण संगठन, शाखा कानपुर नगर द्वारा किदवई नगर स्थित संस्कार लॉन में दिव्य जनजागरण महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार सहित सहभागिता कर आत्मकल्याण, व्यसनमुक्त एवं सात्विक जीवन अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय प्रवक्ता रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि नशा और मांसाहार जैसी तामसिक प्रवृत्तियां व्यक्ति की आध्यात्मिक उन्नति में सबसे बड़ी बाधा हैं। उन्होंने कहा कि चरित्रवान, संस्कारित और जागरूक समाज का निर्माण ही संगठन के राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सीमा उत्तम तथा सोनी योगभारती ने परिवार निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक संस्कारी मां ही परिवार को संस्कारों की पाठशाला बना सकती है। उन्होंने बच्चों में बचपन से नैतिक, आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों का विकास करने का आह्वान किया।
युवा मोर्चा के सौरभ मिश्र एवं आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं अनुशासित एवं सुव्यवस्थित रहीं। युवाओं की सेवा भावना और समर्पण की उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहना की।
जिला अध्यक्ष अनूप बाजपेयी ने संगठन के व्यसनमुक्ति एवं लोककल्याण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सात्विक जीवनशैली अपनानी होगी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने व्यसनमुक्त, मांसाहारमुक्त एवं संस्कारित समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।
दिव्य जनजागरण महाआरती में गूंजा व्यसनमुक्ति का संदेश, सात्विक जीवन अपनाने का लिया संकल्प

Share this story