डॉ पवन कश्यप
कानपुर। नशामुक्त, मांसाहार मुक्त एवं संस्कारवान समाज के निर्माण के उद्देश्य से भगवती मानव कल्याण संगठन (कानपुर नगर) के तत्वावधान में आयोजित 24 घंटे का अखण्ड श्री दुर्गा चालीसा पाठ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। कार्यक्रम सद्गुरुदेव परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्रजी महाराज के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से आयोजित किया गया।
नौबस्ता स्थित श्री महागॉपेश्वर गार्डेन में 30 मई की शाम से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक आयोजन 31 मई को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। पूरे 24 घंटे तक मां जगदम्बे के जयकारों और दुर्गा चालीसा के पाठ से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में संगठन की प्रांतीय निरीक्षक शशिकला मिश्रा, महराजपुर विधानसभा प्रत्याशी अवधेश गुप्ता तथा तहसील अध्यक्ष अरविंद मिश्र सहित अनेक पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां दुर्गा की आराधना की तथा धर्म लाभ अर्जित किया।
आयोजन को सफल बनाने में संगठन के कार्यकर्ताओं एवं गुरुभाइयों का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे और अन्य सामाजिक कुरीतियों से मुक्त कर सदाचार, सेवा और आध्यात्मिकता की भावना को मजबूत करना रहा।
— सौरभ मिश्रा, मीडिया प्रभारी