कानपुर नगर। आयुक्त, कानपुर मंडल की अध्यक्षता में सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की बैठक 28 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे आयुक्त के शिविर कार्यालय, छः बंगलिया, आर्यनगर में आयोजित की जाएगी। बैठक में परिवहन विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों पर निर्णय लिया जाएगा।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी राकेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में कैरेज बाई रोड अधिनियम, 2007 के अंतर्गत कॉमन कैरियर के पंजीकरण एवं पंजीकरण नवीनीकरण के लिए प्राप्त आवेदनों पर विचार किया जाएगा।
इसके अलावा केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा-84 के तहत परमिट की शर्तों के उल्लंघन से संबंधित मामलों में धारा-86 के अंतर्गत परमिटों के निलंबन अथवा निरस्तीकरण पर भी निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में उन जन भार वाहनों के परमिट निरस्त करने पर भी विचार होगा, जिनकी वैधता समाप्त हुए तीन वर्ष से अधिक समय बीत चुका है और संबंधित परमिटधारकों ने अब तक परमिट अथवा अधिकार-पत्र का नवीनीकरण नहीं कराया है।
इसके साथ ही कानपुर–औरैया वाया विहारघाट मार्ग पर संचालित वाहनों के परमिट नवीनीकरण के लिए प्राप्त आवेदनों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष की अनुमति से बैठक में अन्य आवश्यक विषयों पर भी चर्चा की जा सकेगी। उन्होंने सभी संबंधित आवेदकों एवं पक्षकारों से निर्धारित तिथि एवं समय पर बैठक में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने की अपील की है।